उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने दिलाई शपथ, एनसीपी नेता धनंजय शर्मा बोले—युवाओं के लिए खुलेंगे नए रास्ते
नेशनल ब्यूरो| नई दिल्ली| मुल्कनामा डेली|
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) के युवा नेता पार्थ पवार ने गुरुवार को राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेकर राष्ट्रीय राजनीति में अपनी औपचारिक एंट्री दर्ज कराई। संसद भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्हें उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
शपथ ग्रहण समारोह में कई वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने इस अवसर को राजनीतिक दृष्टि से खास बना दिया। पार्थ पवार ने अंग्रेजी में शपथ लेते हुए युवा नेतृत्व के रूप में अपनी सक्रिय भूमिका के स्पष्ट संकेत दिए।
इस मौके पर एनसीपी के राष्ट्रीय सचिव धनंजय शर्मा ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि एक युवा चेहरे का राज्यसभा तक पहुंचना देश की राजनीति के लिए सकारात्मक संकेत है। उन्होंने कहा कि युवाओं की बढ़ती भागीदारी नई सोच और ऊर्जा को जन्म देगी, जिससे जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाया जा सकेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पार्थ पवार जैसे युवा नेताओं के आगे आने से लोकतांत्रिक व्यवस्था और मजबूत होगी तथा भविष्य में युवाओं को राजनीति में बेहतर अवसर मिलेंगे।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह एंट्री महाराष्ट्र की राजनीति, खासकर बारामती क्षेत्र में नए समीकरणों को जन्म दे सकती है।
पार्थ पवार महाराष्ट्र के पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार और सुनेत्रा पवार के बेटे तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े एक युवा राजनेता हैं।



