बांग्लादेश में हिंदुओं पर अत्याचार के विरोध में AAP का प्रदेशव्यापी प्रदर्शन, मोदी सरकार पर विदेश नीति विफल होने का आरोप।
एजेंसी, लखनऊ:
बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों पर लगातार बढ़ते हमलों, मंदिरों को निशाना बनाए जाने और जबरन पलायन के विरोध में आम आदमी पार्टी ने रविवार को उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में एक साथ प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्र सरकार की चुप्पी को विदेश नीति की विफलता बताते हुए तीखा हमला बोला।
लखनऊ समेत प्रदेश के कई जिलों में हुए इस प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राजधानी में कैसरबाग स्थित स्वास्थ्य भवन के सामने प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं ने बांग्लादेश सरकार का पुतला फूंका।
पुलिस से झड़प, कार्यकर्ता हिरासत में
प्रदर्शन को रोकने के लिए पुलिस ने सख्ती दिखाई, जिससे धक्का-मुक्की और झड़प हुई। इसके बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया गया। आम आदमी पार्टी ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन बताया।
विदेश नीति पर सवाल
पार्टी नेताओं का कहना है कि बांग्लादेश में हिंदुओं को योजनाबद्ध तरीके से निशाना बनाया जा रहा है, लेकिन भारत सरकार न तो कूटनीतिक दबाव बना रही है और न ही अंतरराष्ट्रीय मंचों पर इस मुद्दे को मजबूती से उठा रही है।
संजय सिंह के निर्देश पर आंदोलन
राज्यसभा सांसद संजय सिंह के निर्देश पर पूरे प्रदेश में यह प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर केंद्र सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग की।
AAP की प्रमुख मांगें
AAP ने बांग्लादेश के साथ व्यापारिक संबंध समाप्त करने, बिजली आपूर्ति रोकने और हिंदू अल्पसंख्यकों की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की।




