ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड ने अयातुल्ला खामनेई को दी बधाई |
लखनऊ | मेराज उद्दीन सिद्दीकी|
ऑल इंडिया शिया पर्सनल लॉ बोर्ड (कदीम) और इमामिया एजुकेशनल ट्रस्ट की ओर से शनिवार को लखनऊ स्थित इमामिया हॉल में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की हालिया उपलब्धियों पर ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला सैयद अली खामनेई को बधाई दी गई।
कार्यक्रम में धर्मगुरुओं, समाजसेवियों और विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। वक्ताओं ने कहा कि ईरान ने कठिन अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के बावजूद अपने सिद्धांतों और नेतृत्व पर भरोसा करते हुए मजबूती दिखाई है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मौलाना अली हुसैन कोमी ने कहा कि दुनिया के कई हिस्सों में मुस्लिम समाज आज चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि ईरान ने आत्मनिर्भरता, नेतृत्व और जनता के विश्वास के बल पर अपनी पहचान बनाई है।
मौलाना कोमी ने इस्लामिक क्रांति का उल्लेख करते हुए कहा कि ईरान में राजशाही व्यवस्था का अंत कर एक इस्लामिक गणतांत्रिक प्रणाली की स्थापना की गई, जिसने जनता को निर्णय प्रक्रिया में भागीदार बनाया।
उन्होंने कहा कि अयातुल्ला खामनेई के नेतृत्व में ईरान ने अपनी संप्रभुता की रक्षा करते हुए वैश्विक मंच पर स्वतंत्र नीति अपनाई है। वक्ताओं ने मुस्लिम एकता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता को समय की आवश्यकता बताया।
इस अवसर पर फहीम सिद्दीकी, रिज़वान कुरैशी, मिर्ज़ा सलमान, उस्मान अंसारी, गुरु श्रीवास्तव, फरीद नकवी, ज्ञानंद नाथ त्रिवेदी और सामाजिक कार्यकर्ता मुहम्मद आफ़ाक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन अमन, शांति और इंसाफ़ की दुआ के साथ हुआ।




