इन्ना लिल्लाहि वा इन्ना इलैहि राजिऊन।
ब्रेन हेमरेज के बाद इलाज के दौरान निधन, 1:15 बजे जलीलिया मस्जिद में नमाज़-ए-जनाज़ा, डालीगंज कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक।
लखनऊ (सईद हाशमी) 23 फरवरी 2026
अमर उजाला के वरिष्ठ पत्रकार मुहम्मद इरफ़ान का सोमवार शाम बीमारी के चलते निधन हो गया। उनके इंतकाल की खबर मिलते ही सामाजिक और पत्रकार जगत में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
करीब 50 वर्षीय इरफ़ान को ब्रेन हेमरेज की शिकायत के बाद 6 फरवरी को हरदोई रोड स्थित रिवेरा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। हालत में सुधार न होने पर तीन दिन पूर्व उन्हें डालीगंज स्थित केकेके हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया, जहां सोमवार को इफ्तार के समय उनका निधन हो गया।
मुहम्मद इरफ़ान अपनी ईमानदारी, मिलनसार स्वभाव और बेबाक लेखनी के लिए जाने जाते थे। वे देश-विदेश के मुस्लिम मामलों में विशेष रुचि रखते थे तथा सकारात्मक और तथ्यपरक खबरों को प्राथमिकता देते थे। वे नाम और शोहरत से दूर रहकर पत्रकारिता के मूल्यों को निभाने वाले व्यक्तित्व थे।
परिवार में उनकी पत्नी, एक पुत्र मोहम्मद आरजान (13 वर्ष), एक पुत्र मोहम्मद ताहान (8 वर्ष) और एक बेटी हैं।
नमाज़-ए-जनाज़ा आज दोपहर 1:15 बजे जलीलिया मस्जिद, डालीगंज में अदा की गई, जिसके बाद उन्हें डालीगंज कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
उनके निधन पर मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली, मौलाना सज्जाद नोमानी सहित अनेक सामाजिक, धार्मिक एवं पत्रकारिता जगत की हस्तियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।

