आयुष्मान कार्ड बनाने में तेजी लाने के निर्देश, धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
15 अप्रैल को झांसी में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी समीक्षा बैठक, टीबी और टीकाकरण पर रहेगा फोकस
सुजीत कुमार देवेंदी | Mulknama Daily |
लखनऊ, 13 अप्रैल 2026:
उत्तर प्रदेश में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत आयुष्मान कार्ड निर्माण में धीमी प्रगति पर स्वास्थ्य विभाग ने सख्त रुख अपनाया है।
अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष की अध्यक्षता में आयोजित उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में इस पर नाराजगी जताई गई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य, जनपद और ब्लॉक स्तर पर समन्वय बढ़ाकर विशेष अभियान चलाया जाए, ताकि सभी पात्र लाभार्थियों तक योजना का लाभ पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर कैंप लगाना अनिवार्य किया जाए और अधिकतम लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं।
साथ ही चेतावनी दी गई कि यदि प्रगति संतोषजनक नहीं रही तो मुख्यालय के अधिकारियों के साथ-साथ संबंधित सीएमओ की जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में सचिव ऋतु महेश्वरी और सीईओ अर्चना वर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
15 अप्रैल को झांसी में होगी स्वास्थ्य योजनाओं की समीक्षा बैठक
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित कुमार घोष 15 अप्रैल 2026 को झांसी में मंडलीय समीक्षा बैठक करेंगे।
यह बैठक झांसी के मंडलायुक्त सभागार में आयोजित होगी, जिसमें झांसी और चित्रकूटधाम मंडल में चल रही स्वास्थ्य योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा की जाएगी।
बैठक में विशेष रूप से
राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम (TB)
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम
भ्रमण दलों की रिपोर्ट
पर चर्चा और प्रस्तुतीकरण किया जाएगा।
इस बैठक में राज्य, मंडल, जिला और ब्लॉक स्तर के स्वास्थ्य अधिकारी शामिल होंगे। कुछ अधिकारी भौतिक रूप से उपस्थित रहेंगे, जबकि अन्य वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे।
#UPNews #AyushmanCard #HealthDepartment #JhansiNews #TBFreeIndia #Vaccination #BreakingNews #IndiaNews #HealthUpdate



