लखनऊ। पत्रकारों के हित में एक महत्वपूर्ण पहल सामने आई है। सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह ने पत्रकार पेंशन और आकस्मिक निधि बढ़ाने को लेकर गंभीर प्रयास शुरू किए हैं।
सरोजनीनगर से विधायक राजेश्वर सिंह ने अभी हाल में उत्तर प्रदेश मान्यता प्राप्त संवाददाता समिति (पुनर्गठित),लालबहादुर शास्त्री भवन एनेक्सी स्थित मीडिया सेंटर में संयोजक प्रभात त्रिपाठी और अन्य सदस्य पत्रकारों से बात करके पत्रकार पेंशन एवं आकस्मिक निधि बढ़ाने को लेकर गंभीर प्रयास शुरू किए हैं।
एनेक्सी मीडिया सेंटर में पत्रकारों से संवाद के दौरान विधायक राजेश्वर सिंह ने आश्वासन दिया था कि वह बजट सत्र में वरिष्ठ पत्रकारों की पेंशन एवं आकस्मिक निधि में वृद्धि के लिए हर संभव प्रयास करेंगे और इस विषय को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।
अपने वायदे के तहत विधायक राजेश्वर सिंह ने वित्त मंत्री को पत्र लिखकर पत्रकार हितों से जुड़े इन मुद्दों को उठाया है। यह पत्र पत्रकार साथियों के अवलोकन हेतु साझा किया गया है। जल्द ही इस संबंध में मुख्यमंत्री से भी चर्चा किए जाने की संभावना है।
पत्रकारों ने इस पहल का स्वागत करते हुए विधायक राजेश्वर सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया है।




