Blinkit Ambulance Service: दिल्ली में फ्री एंबुलेंस ने 6 मिनट में बचाई बुज़ुर्ग महिला की जान:
नई दिल्ली
ऑनलाइन ग्रोसरी डिलीवरी ऐप Blinkit ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि तकनीक का सही इस्तेमाल किसी की जान बचा सकता है। दिल्ली में सामने आए एक मामले में Blinkit की फ्री एंबुलेंस सेवा ने समय पर पहुंचकर एक बुज़ुर्ग महिला की जान बचा ली।
सुबह करीब 8 बजे, दिल्ली निवासी शिवम की दादी अचानक घर में बेहोश होकर गिर पड़ीं। परिजनों ने तुरंत 112 पर कॉल किया, लेकिन एंबुलेंस में देरी हो रही थी। इसी दौरान शिवम को Blinkit ऐप में मौजूद “Ambulance in 6 Minutes” फीचर याद आया।
एप पर रिक्वेस्ट डालते ही 1 मिनट के अंदर कन्फर्मेशन कॉल आया और महज 4–6 मिनट में एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई।
मेडिकल जांच में सामने आई गंभीर स्थिति
एंबुलेंस में मौजूद नर्सों ने जांच में पाया कि महिला की ब्लड शुगर 40 तक गिर चुकी थी, जो बेहद खतरनाक स्तर होता है। तुरंत ड्रिप दी गई और कुछ ही मिनटों में महिला को होश आने लगा। इसके बाद उन्हें सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
पूरी तरह फ्री सेवा
इलाज के बाद जब परिजनों ने फीस पूछी, तो बताया गया कि यह Blinkit की पूरी तरह फ्री एंबुलेंस सेवा है। नर्सों ने किसी भी तरह का भुगतान या टिप लेने से इनकार कर दिया।
सोशल मीडिया पर मिली सराहना
शिवम द्वारा LinkedIn पर शेयर की गई यह कहानी अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। लोग Blinkit की इस पहल को “डिजिटल इंडिया की असली ताकत” बता रहे हैं।
यह घटना दिखाती है कि 10-मिनट डिलीवरी सिर्फ सुविधा नहीं, बल्कि इमरजेंसी में जीवन रक्षक तकनीक भी बन सकती है।




