भारत में खेलने से इनकार पर कायम बांग्लादेश, सुरक्षा और निष्पक्षता को लेकर ICC पर उठाए सवाल:

ICC के फैसले के बाद भारत में T20 वर्ल्ड कप खेलने से इनकार करता बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड।
खेल डेस्क | Mulknama Daily|
ढाका/नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के अल्टीमेटम के बावजूद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने भारत में खेले जाने वाले आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भाग न लेने का फैसला दोहराया है।
बीसीबी अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम बुलबुल ने गुरुवार को स्पष्ट किया कि बांग्लादेश विश्व कप खेलना चाहता है, लेकिन भारत में नहीं।
बीसीबी अध्यक्ष ने कहा कि बोर्ड आईसीसी के साथ बातचीत जारी रखेगा, हालांकि भारत से बाहर मैच कराए जाने की मांग पर उसका रुख नहीं बदलेगा। उनके अनुसार यह मसला केवल एक टूर्नामेंट का नहीं, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा और विश्व क्रिकेट की निष्पक्षता से जुड़ा हुआ है।
ICC ने ठुकराई BCB की मांग
आईसीसी ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बीसीबी की उस मांग को अस्वीकार कर दिया, जिसमें बांग्लादेश के मैच भारत से बाहर स्थानांतरित करने का अनुरोध किया गया था। यह बैठक आगामी टी20 वर्ल्ड कप की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा के लिए बुलाई गई थी।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत 7 फरवरी से होगी, जिसकी संयुक्त मेज़बानी भारत और श्रीलंका करेंगे। आईसीसी के फैसले के बाद भी बीसीबी अपने रुख पर कायम है।
सुरक्षा को लेकर संतोष नहीं
बांग्लादेश के युवा एवं खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा कि आईसीसी सुरक्षा से जुड़ी बांग्लादेश की चिंताओं को दूर करने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो आईसीसी और न ही भारतीय पक्ष की ओर से इस मुद्दे पर कोई ठोस संवाद किया गया।
मुस्तफिजुर प्रकरण से बढ़ा विवाद
सूत्रों के अनुसार, आईपीएल 2026 KKR से तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को बाहर किए जाने के बाद बांग्लादेशी टीम की सुरक्षा को लेकर चिंताएं और गहरी हो गईं। इसी पृष्ठभूमि में बीसीबी ने भारत में विश्व कप मैच न खेलने का सख्त रुख अपनाया।
तय कार्यक्रम पर अनिश्चितता
शेड्यूल के अनुसार बांग्लादेश को 7 फरवरी को कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना पहला मुकाबला खेलना था। इसके बाद इटली, इंग्लैंड और नेपाल के खिलाफ भी मैच निर्धारित हैं, लेकिन मौजूदा हालात को देखते हुए बांग्लादेश की भागीदारी पर अनिश्चितता बनी हुई है।




