हाथरस में गुरुवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब कोर्ट में तारीख पर जा रहे भारतीय सेना के जवान अखिलेश सिंह की अज्ञात बदमाशों ने दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई
ब्यूरो आगरा | Mulknama Daily|
हाथरस:
उत्तर प्रदेश में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहा है। गुरुवार को हाथरस में दिनदहाड़े भारतीय सेना के जवान अखिलेश सिंह की गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। वारदात उस समय हुई जब वह किसी मामले में कोर्ट में तारीख पर जा रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, अखिलेश सिंह अपनी कार से आगरा–अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित मुन्नी देवी कोल्ड स्टोरेज के पास पहुंचे ही थे कि पहले से घात लगाए बैठे असलहों से लैस बदमाशों ने उनकी कार पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पहले कार और टायर को निशाना बनाया। जान बचाने के लिए जवान जब बाहर निकलकर भागे, तो हमलावरों ने उनके पैर और सिर में कई गोलियां मारकर मौके पर ही मौत के घाट उतार दिया।
घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि एसओजी सहित पुलिस की पांच टीमें गठित की गई हैं और अलग-अलग दिशाओं में जांच की जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार किया जाएगा।



